रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधानसभा की विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है।

करीब 11.62 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और मोहल्लों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को विद्युत सुविधा का लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

राज्य शासन के अनुसार, इस परियोजना के अंतर्गत विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के 109 मोहल्लों/पारों, विकासखंड ओड़गी के 32 गांवों के 68 मोहल्लों/पारों तथा विकासखंड सूरजपुर के 29 गांवों के 53 मोहल्लों/पारों में विद्युत विस्तार का कार्य किया जाएगा।

यह योजना विशेष रूप से उन ग्रामीण एवं जनजातीय बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां अब तक पर्याप्त विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बिजली पहुंचने से बच्चों की शिक्षा, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि गतिविधियों और ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्वीकृति से भटगांव विधानसभा के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि “हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस परियोजना से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी तथा लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।”

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *