महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा पर जोर, 30 अक्टूबर तक ऑनलाइन भी दे सकेंगे सुझाव
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) का प्रारूप तैयार करने के लिए बिलासपुर में संभाग स्तरीय परामर्श बैठक आयोजित की गई। इसमें आठ जिलों के सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार, दत्तक ग्रहण और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर अपने सुझाव रखे।
समिति के सदस्य शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के अधिकारों को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी धर्म की आस्था, पूजा-पद्धति और धार्मिक परंपराओं में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।
बैठक में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रतिनिधि शामिल हुए। समिति ने सभी सुझावों और अन्य राज्यों की कानूनी व्यवस्थाओं का अध्ययन कर प्रारूप तैयार करने की बात कही।
30 अक्टूबर तक सुझाव देने का मौका: नागरिक आधिकारिक वेबसाइट ucc.cgstate.gov.in और ई-मेल ucc-chhattisgarh@cg.gov.in के माध्यम से अपने सुझाव भेज सकते हैं।