रायपुर, बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़कों, पुल-पुलियों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्यों में तेजी लाने तथा तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुकेश कुमार बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में 26.20 किलोमीटर लंबे कोपरा-पोखरा मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य की प्रगति देखी। इस परियोजना में पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा राजिम में नवीन मेला स्थल चौबेबांधा से लक्ष्मण झूला तक 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का पालन करने और काम में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

सड़क परियोजनाओं के साथ विभागीय सचिव ने गरियाबंद में निर्माणाधीन शासकीय भवनों का भी निरीक्षण किया। इनमें व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवासगृह, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृह शामिल हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने पर जोर दिया।

बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में पहुंचकर सचिव ने कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर आरडी 135 में चचंगी नाला पर निर्मित पुल एवं पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण की स्थिति भी देखी। दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित इन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

मैदानी निरीक्षण के बाद गरियाबंद सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, आ रही बाधाओं और उन्हें दूर करने के उपायों पर चर्चा हुई। सचिव ने स्पष्ट किया कि बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ वरिष्ठ अधिकारी मैदानी स्तर पर औचक निरीक्षण भी करेंगे, ताकि वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का आकलन किया जा सके।

इस दौरान मुकेश कुमार बंसल ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय और कार्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में स्वच्छता, रखरखाव और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता उपस्थित रहे। विभाग की इस पहल का उद्देश्य निर्माण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ आम लोगों को बेहतर सड़क, पुल और शासकीय भवनों की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *