रायपुर : राजधानी के कलेक्टरेट-कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुक्रवार को समापन हुआ। 15 से 21 अगस्त तक आयोजित प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्षों के इतिहास और राज्य की सुशासन एवं विकास यात्रा को तस्वीरों और डिजिटल माध्यमों से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और प्रदेश के गौरवशाली इतिहास से जुड़े दुर्लभ छायाचित्र आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा पर विशेष दृश्य एवं डिजिटल दीर्घा तैयार की गई थी। एआई फोटो बूथ के माध्यम से लोगों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों की पृष्ठभूमि में डिजिटल तस्वीरें खिंचवाने का अवसर भी मिला।
प्रदर्शनी के दौरान छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और विकास कार्यों पर आधारित क्विज का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। साथ ही महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को तस्वीरों और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में प्रदेश की सड़क और रेल कनेक्टिविटी, सुशासन तिहार तथा निवेश के अवसरों से संबंधित जानकारी भी दी गई। विकास और जनकल्याण पर आधारित लघु फिल्मों के प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को राज्य में हुए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शहीद स्मारक फाफाडीह के 54 छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने आयोजन को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के साथ उनमें देशभक्ति तथा अपनी विरासत के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।