रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। यही युवा शक्ति विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे बड़े सपने देखें, अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत व समर्पण के साथ आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री गुरुवार शाम रायपुर के सड्डू में न्यूज 24 और लल्लूराम डॉट कॉम की ओर से आयोजित ‘जेन नेक्स्ट संवाद-यंग माइंड्स, मीनिंगफुल कन्वर्सेशंस’ कार्यक्रम में जेन-जी और जेन-अल्फा के विद्यार्थियों से रूबरू हुए। इस दौरान विद्यार्थियों ने उनसे राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, जल संरक्षण और छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सहज अंदाज में सवालों के जवाब देने के साथ अपने जीवन के संघर्ष और अनुभव भी साझा किए।

बचपन का संघर्ष बताया, बोले- कभी नहीं सोचा था मुख्यमंत्री बनूंगा

मुख्यमंत्री साय ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए बताया कि जशपुर के बगिया गांव में पढ़ाई के दौरान उन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस समय स्कूल में पांचवीं बोर्ड की परीक्षा की व्यवस्था नहीं थी और परीक्षा देने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता था। स्कूल भवन भी कच्चे थे और बारिश में छत से पानी टपकता था। बीबीए छात्र अश्मित शिंदे के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 10 वर्ष की उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गई थीं। पढ़ाई के साथ खेती-बाड़ी संभाली और छोटे भाइयों की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे सरपंच भी बनेंगे। इसके बाद सार्वजनिक जीवन में सरपंच से विधायक, सांसद, केंद्रीय राज्यमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में ‘कर्म ही पूजा है’ के सिद्धांत को अपनाएं और जो जिम्मेदारी मिले, उसे ईमानदारी और पूरी निष्ठा से निभाएं।

समय की कीमत समझें, रुचि के हिसाब से तय करें लक्ष्य

छात्र करण भोसले के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को समय की कीमत समझनी चाहिए। विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का समय है। इस दौरान पढ़ाई और अपने लक्ष्य पर जितना ध्यान दिया जाएगा, भविष्य उतना बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सपने व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। युवाओं को अपनी रुचि पहचानकर उसी क्षेत्र में लक्ष्य तय करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से प्रयास करना चाहिए।

‘जल है तो कल है’, युवाओं से जल संरक्षण की अपील

कक्षा 9वीं के छात्र आदित्य राज तिवारी ने जल संरक्षण को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जल है तो कल है’ और पानी बचाना आज पूरी दुनिया की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, स्कूल और आसपास वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले के 5 प्रतिशत मॉडल और राजनांदगांव में सोक पिट निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि जनभागीदारी से जल संरक्षण के बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

2047 तक छत्तीसगढ़ को मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के छात्र मितांश सिंह ने प्रदेश के आर्थिक विकास को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य ने वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और इनके बेहतर प्रबंधन के जरिए राज्य की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिक्षा में कौशल और रोजगार पर जोर

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर छात्रा सानिया परवीन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित हैं, जहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा पीएमश्री योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 341 स्कूलों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाओं का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे संस्कार, कौशल और रोजगार से जोड़ना है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवा भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार हों।

युवाओं के साथ भक्ति गीतों का आनंद, प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं के साथ ‘भजन क्लबिंग’ में आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत भक्ति गीतों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *