रायपुर : धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशील पहल की है। सोशल मीडिया के जरिए शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और खुद फोन कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई की। शशिकांत को 9 सितंबर की शाम एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।

2016 के हादसे के बाद बिगड़ी थी तबीयत

शशिकांत वर्ष 2016 में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और करीब 50 दिनों तक कोमा में रहना पड़ा था। दुर्घटना के बाद सर्वाइकल की समस्या के चलते उनके हाथ-पैरों की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग अस्पतालों में लंबे समय तक इलाज कराया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।

अब एम्स रायपुर में बेहतर इलाज शुरू होने से शशिकांत और उनके परिवार को नई उम्मीद मिली है। मुख्यमंत्री की ओर से आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को इलाज के खर्च को लेकर भी राहत मिली है।

फोन पर मुख्यमंत्री ने पूछा हाल

शशिकांत से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद शशिकांत ने उनका आभार जताते हुए कहा कि खुद फोन कर हालचाल पूछना और इलाज के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराना उनके परिवार के लिए बड़ा संबल है।

शशिकांत के परिवार ने भी मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का धन्यवाद किया है। फिलहाल एम्स रायपुर में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *