रायपुर : भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित कर प्रवास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं पर बैठक में विशेष रूप से चर्चा की गई।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्था के निर्देश
मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री एवं एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
उन्होंने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी बैठक व्यवस्था
बैठक में दीक्षांत समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं प्राप्त डायस प्लान के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।