रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अपनी माटी और खेती-किसानी से गहरा जुड़ाव एक बार फिर देखने को मिला। मुख्यमंत्री आज सुबह जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया स्थित खेत पहुंचे, जहां उन्होंने बैलों की जोड़ी के साथ पारंपरिक रूप से हल चलाकर बियासी की। खेत में हल की मूठ थामते ही खेती-किसानी से जुड़ी उनकी पुरानी स्मृतियां भी जीवंत हो उठीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अपने गांव, अपनी माटी और अपने खेत से जुड़ाव का सुख अलग ही होता है। उन्होंने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और बचपन से खेती-किसानी को करीब से देखा और अनुभव किया है। खेती उनके लिए केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। गांव और खेतों ने उन्हें श्रम का सम्मान, प्रकृति के साथ सामंजस्य और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सीख दी है।
हरे-भरे खेतों के बीच खेती करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेत की मिट्टी की सौंधी खुशबू और खेती-किसानी से जुड़ाव मन को सुकून देने के साथ नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी माटी, मेहनतकश किसानों और समृद्ध कृषि परंपराओं से जुड़ी है। प्रदेश के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन के साथ यहां की अर्थव्यवस्था में भी कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। खेती हमें परिश्रम, धैर्य और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देती है। किसान अपने श्रम से केवल फसल ही नहीं उगाता, बल्कि पूरे समाज के जीवन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी, समृद्ध कृषि परंपरा और मेहनतकश अन्नदाता किसान सदैव उनके हृदय के सबसे करीब हैं। किसानों की खुशहाली और कृषि की समृद्धि ही प्रदेश की समग्र समृद्धि का मजबूत आधार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी अन्नदाता किसानों के परिश्रम को नमन करते हुए उनके जीवन में खुशहाली और खेतों में भरपूर फसल की कामना की।
खेती-किसानी से रहा है पुराना नाता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जीवन ग्रामीण परिवेश और खेती-किसानी से गहराई से जुड़ा रहा है। सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच जब भी उन्हें अवसर मिलता है, वे अपने गांव, खेत और ग्रामीण परिवेश से जुड़ते हैं। गृहग्राम बगिया के खेत में बैलों के साथ हल चलाते हुए उनकी सहजता और आत्मीयता में अपनी माटी तथा कृषि परंपरा के प्रति उनका गहरा लगाव स्पष्ट दिखाई दिया।