4078145881738806504
14271021545470334915
Chhattisgarh Census 2026

जिले में आज से डोर-टू-डोर जनगणना कार्य का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस क्रम में ग्राम रुद्री में प्रगणक द्वारा कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से जनगणना संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उनका प्रथम फॉर्म भरा गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी प्रश्नों का क्रमवार और स्पष्ट उत्तर देते हुए प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान किया तथा प्रगणक से जनगणना की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी भी ली।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन हेतु पूरी तैयारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं और नीतियों की आधारशिला है। सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कलेक्टर ने प्रगणकों को नागरिकों से विनम्र संवाद स्थापित करने, गोपनीयता बनाए रखने तथा प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणना कार्य के दौरान तकनीकी संसाधनों का भी प्रभावी उपयोग किया जाए, जिससे डेटा संकलन में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सके।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव के उपाय अपनाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य चरणबद्ध एवं बहुस्तरीय है, जिसे टीम वर्क और बेहतर समन्वय से ही सफल बनाया जा सकता है।
कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी जनगणना श्री मनोज मरकाम, अतिरिक्त तहसीलदार श्री मधुकर सिरमौर तथा राजस्व निरीक्षक भू-अभिलेख श्री दीपचंद भारती द्वारा ग्राम रुद्री में संचालित जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने गणना ब्लॉकवार प्रगणकों द्वारा संकलित जानकारी का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित चार्ज अधिकारियों को त्रुटिरहित एवं वास्तविक आंकड़े सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले के 627 ग्राम एवं 140 शहरी वार्डों को शामिल किया गया है। पूरे जिले में 1439 हाउस लिस्टिंग इकाइयों का सर्वे किया जाएगा। इस कार्य के लिए 1247 प्रगणक तैनात किए गए हैं तथा 126 को रिजर्व में रखा गया है, जिससे कुल प्रगणकों की संख्या 1373 है। इसी प्रकार 216 पर्यवेक्षक कार्यरत हैं और 28 रिजर्व में हैं, जिनकी कुल संख्या 244 है। इस प्रकार जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु कुल 1617 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि “जनगणना से जन कल्याण” के उद्देश्य को सार्थक रूप दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *