छत्‍तीसगढ़ में शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आते है। उसको देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा के पहले प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा जनवरी 2025 के अंतिम सप्ताह से आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया है। प्री बोर्ड परीक्षा सत्र 2024-25 से प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं शामिल होगा।

प्री-बोर्ड परीक्षा में छात्रों से पूरे पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे जाएंगे। साथ ही, यह निर्देश भी दिया गया है कि कक्षा 10वीं और 12वीं का पाठ्यक्रम 10 जनवरी 2025 तक पूरा कर लिया जाए, ताकि छात्रों को पर्याप्त समय मिल सके और वे पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में बैठ सकें।

प्रश्न पत्र के निर्माण के लिए हर जिले में विषय विशेषज्ञों की समितियां गठित की जाएंगी। इन समितियों को माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित ब्लूप्रिंट के अनुसार प्रश्न पत्र तैयार करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण यह सुनिश्चित करेगा कि परीक्षा का स्तर बोर्ड परीक्षा के अनुरूप हो। इसके अलावा, छात्रों को भी इस ब्लूप्रिंट से परिचित कराया जाएगा, ताकि वे अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को और बेहतर बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *