52 इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं बनाकर हाथों-हाथ बेचीं, आत्मनिर्भरता की पेश की मिसाल

बस्तर के तारापुर गांव की महिलाओं ने इस गणेशोत्सव में अपनी मेहनत और हुनर से कमाई का नया रास्ता तैयार किया है। बकावंड विकासखंड की ‘मिट्टी के गणेश मूर्ति निर्माण सिद्धि स्व सहायता समूह’ की महिलाओं ने पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाएं तैयार कर महज कुछ हफ्तों में 1.80 लाख रुपये की कमाई की है।

शांति नागवंशी, दसो भारती और रोमा नागवंशी के नेतृत्व में समूह की महिलाओं ने शुद्ध मिट्टी से 52 गणेश प्रतिमाएं तैयार की थीं। इन मूर्तियों में किसी हानिकारक केमिकल या कृत्रिम रंग का इस्तेमाल नहीं किया गया। गणेशोत्सव के दौरान बाजार में इन प्रतिमाओं की मांग इतनी रही कि पूरा स्टॉक जल्द ही बिक गया।

मेहनत की कमाई से बच्चों की पढ़ाई में मदद

समूह की सदस्य शांति नागवंशी ने बताया कि अपने हाथों से बनाई मूर्तियों को लोगों के घरों में पूजा के लिए जाते देखना उनके लिए खुशी का अनुभव है। साथ ही इस काम से मिली कमाई ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत होने का भरोसा भी दिया है।

महिलाओं के मुताबिक, कमाई की राशि का इस्तेमाल परिवार की जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा पर किया जाएगा। सीमित संसाधनों से शुरू हुई यह पहल अब तारापुर के साथ आसपास की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *