रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की संवेदनशीलता से फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार संभव हो सका। आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से इलाज में परेशानी झेल रहे अविनाश अब स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
उपचार के बाद अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री साय से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं तथा अपने दैनिक कार्य भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अविनाश को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। समय के साथ परेशानी बढ़ने से उन्हें चलने-फिरने और रोजमर्रा के कामों में कठिनाई होने लगी। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और ऑपरेशन के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान जाने की सलाह दी, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा बनी रही।
बेहतर उपचार की उम्मीद में अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में अपनी समस्या रखी। कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल की और उन्हें रायपुर भेजकर डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार और ऑपरेशन कराया गया।
सफल उपचार के बाद अविनाश को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से काफी राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री साय, चिकित्सकों और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल समय में मिली सहायता ने उनकी जिंदगी बदल दी।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार पहल की जा रही है। अविनाश का मामला इसी संवेदनशील पहल का उदाहरण है, जहां समय पर मिली सहायता से एक जरूरतमंद युवक को बेहतर उपचार और सामान्य जीवन की ओर लौटने का अवसर मिला।