रायपुर : नवा रायपुर अटल नगर में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है। देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी Indian Hotels Company Limited (IHCL) यहां 111 कमरों वाला Ginger Hotel विकसित करेगी। कंपनी ने इसके लिए ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है। यह परियोजना ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट के तौर पर विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस परियोजना को नवा रायपुर की बढ़ती पहचान और निवेशकों के भरोसे का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर अब सिर्फ प्रशासनिक राजधानी नहीं रह गया है, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और बिजनेस गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार शहर की आर्थिक गतिविधियों को और गति देगा।
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि Ginger Hotel के आने से नवा रायपुर के बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। शहर में कॉर्पोरेट गतिविधियों और निवेश परियोजनाओं के बढ़ने के साथ अच्छी आवासीय और आतिथ्य सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ रही है। इस नई परियोजना से देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, कारोबारी प्रतिनिधियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
111 कमरों के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं: प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में 111 कमरे होंगे। होटल में आधुनिक कमरे, Ginger का ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे बिजनेस के साथ-साथ नवा रायपुर घूमने आने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
नवा रायपुर में लगातार बढ़ रही निवेश और कारोबारी गतिविधियों के बीच इस होटल परियोजना को शहर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। नए संस्थानों और परियोजनाओं के साथ शहर में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से होटल और अन्य आतिथ्य सेवाओं की मांग भी बढ़ रही है।
Ginger Hotel की यह परियोजना नवा रायपुर को एक आधुनिक बिजनेस और टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और कदम है। राज्य सरकार का जोर शहर में निवेश के साथ जरूरी सुविधाओं का विस्तार करने पर है, जिससे नवा रायपुर राष्ट्रीय स्तर पर एक बेहतर कनेक्टेड और सुविधायुक्त शहर के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर सके।