उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ, सरगुजा में जल्द खुलेगी खेल अकादमी; खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण रायपुर, सरगुजा संभाग में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस वर्ष आयोजन के लिए 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। कार्यक्रम का संदेश है- ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खिलाड़ियों को तैयार करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना विकसित करने का मंच भी है। खेल के मैदान से व्यक्ति को योग्यता और सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाओं का विस्तार कर रही है। खेल विकास के लिए बड़े बजट का प्रावधान साव ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के जरिए प्रदेश में खेल विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास कर रही है। सरगुजा में जल्द शुरू होगी खेल अकादमी उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरगुजा में जल्द ही खेल अकादमी शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की अपील की। शुभारंभ समारोह के दौरान जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता भी हुई। गांव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगी प्रतिभाएं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ओलंपिक के माध्यम से गांवों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *