रायपुर, पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय पैर में चोट लगने के कारण अस्वस्थ हैं। उनके बेहतर उपचार के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे। यहां उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई थी। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। कार्यक्रम के बाद वे रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें रायपुर लौटना था। ऐसे में नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो और समय पर बेहतर उपचार मिल सके। उनके इलाज के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री की इस पहल को वरिष्ठ आदिवासी नेता के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *