सरगुजा जिले के ग्राम झिरमिटी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कबरा हाथी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और हाथी के कारण हुए नुकसान की जानकारी ली। मंत्री ने प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से नियमानुसार उचित सहायता दिलाने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। हाथियों के विचरण से प्रभावित ग्रामीण परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में शासन की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और आजीविका के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मानव-हाथी संघर्ष से होने वाली जनहानि, फसल और मकानों को नुकसान जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
मंत्री ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनजागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को समय रहते सूचना मिलनी चाहिए, ताकि वे सतर्क रह सकें। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष का स्थायी समाधान खोजने के लिए दीर्घकालिक प्रयास जरूरी हैं। इसके लिए वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और विचरण मार्गों का संरक्षण करने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी ठोस रणनीति अपनानी होगी। प्रभावित परिवारों को नुकसान के बदले नियमानुसार आर्थिक और अन्य जरूरी सहायता समय पर मिलनी चाहिए।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।