जशपुर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचकर उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित समस्त प्रदेशवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच छठ महापर्व में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अनुपम संगम है। यह पर्व सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति श्रद्धा एवं आभार व्यक्त करने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा में पवित्रता, अनुशासन, संयम, तप और समर्पण का विशेष महत्व है। कुनकुरी सहित पूरे जशपुर अंचल में यह पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करता है।

उन्होंने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे। साथ ही छत्तीसगढ़ विकास और खुशहाली के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ता रहे तथा प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हो।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *