बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के ग्राम पहांदा में खेत बचाओ अभियान 2026 के अंतर्गत कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 30 किसानों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना तथा खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाना था।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रासायनिक उर्वरकों का संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग करने से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खेती की लागत भी कम की जा सकती है। वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन की गुणवत्ता और स्थिरता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान संस्थान की ओर से डॉ. श्रावणी सान्याल और डॉ. श्रीलता पोलेपोंगु तथा कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. जितेंद्र कुमार जोशी और डॉ. चंद्रशेखर खरे ने किसानों के साथ संवाद किया। विशेषज्ञों ने तकनीकी व्याख्यानों के माध्यम से खेती में अपनाई जाने वाली आधुनिक विधियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उपायों को समझाया।

कार्यक्रम में किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याएं और अनुभव वैज्ञानिकों के साथ साझा किए। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी सुझाव दिए। साथ ही कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल करने के लिए वैज्ञानिक खेती को अपनाने की सलाह दी।

खेत बचाओ अभियान 2026 के माध्यम से किसानों तक कृषि अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों की जानकारी पहुंचाई जा रही है। इसका उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देकर किसानों को अधिक लाभ पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *