कवर्धा : गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित अपने निवास में सपरिवार पूजा-अर्चना कर पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने गौ माता की विधि-विधान से पूजा की और उन्हें प्रसाद खिलाया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
अन्नदाताओं की खुशहाली की कामना
पूजा के अवसर पर विजय शर्मा ने प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ के किसानों के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से परिपूर्ण रहें और प्रदेश में खुशहाली बनी रहे। उन्होंने गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की कामना करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो।
गोवर्धन पूजा के महत्व को गौ सेवा, प्रकृति के प्रति आस्था और कृषि परंपराओं से जोड़कर देखा जाता है। छत्तीसगढ़ में भी यह पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।