रायपुर : छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा यह परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 2 दिसंबर की रात 11:50 बजे तक आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थी 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा।

31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी को जारी होगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जनवरी से एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। कक्षा छठवीं के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट होगी और परीक्षा 13 माध्यमों में आयोजित की जाएगी। वहीं, कक्षा नौवीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी, जो अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

एनटीए की वेबसाइट पर करें आवेदन

इच्छुक विद्यार्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society या nta.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम और शुल्क से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है।

परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *