चार साल की प्रारंभिक सेवा के बाद दो वर्ष और देशसेवा कर सकेंगे अग्निवीर, नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का भी मिलेगा मौका
रायपुर, अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के केंद्र सरकार के फैसले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस फैसले के तहत अग्निवीरों को चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद दो वर्ष तक और राष्ट्रसेवा करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीर नियमित सैन्य सेवा में भी शामिल हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से अग्निवीरों के सैन्य अनुभव, कौशल और क्षमताओं का देशहित में बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। साथ ही युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। प्रशिक्षित और अनुभवी युवाओं की सेवाओं से देश की रक्षा व्यवस्था को भी लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाएगी और उन्हें देश की सुरक्षा में लंबे समय तक योगदान देने का अवसर प्रदान करेगी।