रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 8 नवंबर 2026 दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से उत्तर कुंजी पर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। यह परीक्षा प्रदेश के 26 विषयों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी।
लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, संविदा भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28,535 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह परीक्षा में 82.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। 4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी विषयों की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से रिस्पॉन्स शीट देख सकेंगे। इसमें उनके द्वारा दिए गए उत्तर और विभाग की ओर से जारी सही उत्तरों का मिलान किया जा सकेगा। परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की कटौती होगी। अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं दिया जाएगा।
8 नवंबर दोपहर 12 बजे तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 5 नवंबर दोपहर 12 बजे से 8 नवंबर 2026 दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है, तो संबंधित प्रश्न के लिए जमा शुल्क वापस कर दिया जाएगा। वहीं, आपत्ति गलत पाए जाने पर शुल्क वापस नहीं होगा।
विभाग की ओर से उत्तर कुंजी जारी होने और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी अभ्यर्थियों को ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी दी जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। अंतिम तिथि के बाद ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी आपत्तियों के निराकरण के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में आवश्यक सुधार किया जाएगा।