‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक व्यंजनों और विभागीय प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान सूरजपुर, छत्तीसगढ़ के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में प्रदेश की संस्कृति, विकास और उपलब्धियों की झलक देखने को मिली। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई थी। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राज्यगीत का गायन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। प्रदेश 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले पुरखों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गठन के समय प्रदेश के सामने कई चुनौतियां थीं, लेकिन आज छत्तीसगढ़ विकास के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी लोककला, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। सरकार महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने सूरजपुर जिले में जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रगति को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं कलेक्टर रेना जमील ने जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में बबली ने पहला स्थान हासिल कर 3,100 रुपये का पुरस्कार जीता। रानी गुप्ता को दूसरा स्थान मिलने पर 2,100 रुपये और कमला गुप्ता को तीसरे स्थान के लिए 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय और शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। इसके अलावा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। कुर्सी दौड़ और रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और लोकनृत्य ने बांधा समां समारोह में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और अन्य अतिथियों ने व्यंजनों का स्वाद चखकर प्रतिभागियों के पाक कौशल की सराहना की। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी ली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कर्मा नृत्य के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति, एकता और विकास का संदेश दिया गया। आमंत्रित कलाकारों ने लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। अंत में जिला प्रशासन की ओर से मंत्री और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *