दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट की जीत, प्रिंस भगत ने दागे दो गोल; पहले सेमीफाइनल में स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से दी थी शिकस्त

रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के खिताबी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। फाइनल में मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगे। शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने कड़े मुकाबले में बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। टीम की ओर से प्रिंस भगत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए, जबकि संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर पर टीम का खाता खोला।

दूसरे सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैनपाट टाइटन्स के संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक यही एकमात्र गोल रहा। दोनों टीमों का डिफेंस मजबूत रहा और खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के हमलों को रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

प्रिंस भगत के दो गोल से मैनपाट की जीत

मुकाबले में बैलाडीला बुल्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान ने कई मौकों पर शानदार बचाव किया। दूसरी ओर, बुल्स के गोलकीपर दलेश्वर यादव ने भी मोहित नायक के गोल करने के प्रयासों को नाकाम किया। जसकरण सिंह पेनल्टी कॉर्नर के मौकों को गोल में नहीं बदल सके।

मैच के अंतिम हिस्से में प्रिंस भगत ने बेहतरीन डिफ्लेक्शन के जरिए गोल कर मैनपाट की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 पहुंचा दिया। मुकाबले के आखिरी पलों में बैलाडीला बुल्स के अंकित कुजूर ने एक गोल किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मैनपाट ने 3-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।

पहले सेमीफाइनल में स्ट्राइकर्स ने किया था बड़ा उलटफेर

इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने लीग चरण की शीर्ष टीम न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। मुकाबले में शाहरुख ने शानदार हैट्रिक लगाई। शुरुआत में न्यायधानी नाइट्स ने बढ़त बनाई, लेकिन तीसरे क्वार्टर में शाहरुख के लगातार गोल ने मैच का रुख बदल दिया।

आखिरी क्वार्टर में आर्यन ज़ेस और ओम कुमार यादव ने गोल कर स्ट्राइकर्स की जीत सुनिश्चित की। अब लीग के फाइनल में मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।

दूसरा सेमीफाइनल देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, विधायक अनुज शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया, हरिभूमि के संपादक हिमांशु द्विवेदी सहित खेल, मीडिया और उद्योग जगत की कई हस्तियां स्टेडियम पहुंचीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *