कबीरधाम के ग्राम भगतपुर में लौह पुरुष की 151वीं जयंती पर आयोजन, सामाजिक भवन, सीसी रोड और डोम निर्माण सहित 55 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के ग्राम भगतपुर में जिला कुर्मी क्षत्रिय समाज की ओर से समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद संतोष पाण्डेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में कुल 55 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सामाजिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा सीसी रोड और डोम निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं विधायक भावना बोहरा ने अटल चौक के पास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के समय देश के सामने मौजूद बड़ी चुनौती को स्वीकार करते हुए 550 से अधिक रियासतों का भारत में विलय कराया। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व के माध्यम से देश को एक सूत्र में बांधने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आज भी उनके योगदान की याद दिलाता है।
उप मुख्यमंत्री ने समाज की एकजुटता और कृषि परंपरा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज कृषि प्रधान समाज रहा है और बदलते समय के साथ खेती में आधुनिक तरीकों और विविध फसलों को अपनाने की जरूरत है। कम जमीन में भी अलग-अलग फसलों के जरिए बेहतर उत्पादन और आमदनी के अवसर तलाशे जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं और समाज के चिंतकों से संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके योगदान के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का जीवन भी समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने सामाजिक एकजुटता, गौरव और नेतृत्व के महत्व पर अपने विचार रखे।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सामाजिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और रीति-नीति को समझने का अवसर मिलता है। समाज के लोगों को एकजुट होकर आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य और सामाजिक विकास के लिए काम करना चाहिए। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और कुर्मी क्षत्रिय समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।