PMGSY-IV के तहत 1.92 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 1.80 किमी सड़क, दूरस्थ गांवों को मिलेगी बारहमासी कनेक्टिविटी
रायपुर, नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होने के बाद बस्तर अंचल में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। दूरस्थ और सड़क संपर्क से वंचित गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़े बोदल में सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत जगदलपुर विकासखंड में कुल 9 सड़कों को मंजूरी दी गई है। इनकी कुल लंबाई 33.39 किलोमीटर है। इनमें सुरनदवाड़ा रोड से बड़े बोदल तक बनने वाली सड़क भी शामिल है। 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए लगभग 192.06 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मौसम अनुकूल होने के बाद 31 अक्टूबर से मौके पर मशीनरी लगाकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
सड़क बनने से बड़े बोदल सहित आसपास के दूरस्थ गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बारहमासी सड़क संपर्क उपलब्ध होने से ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
बस्तर में अब सड़क कनेक्टिविटी के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। शासन का लक्ष्य दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और गांवों को बेहतर संपर्क व्यवस्था से जोड़ना है। बस्तर में शांति और विश्वास के माहौल के साथ विकास की नई संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।