राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने कहा- सरदार पटेल का दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा
रायपुर, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री निवास में सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारतीय इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने हर परिस्थिति में देश की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन यह संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। देश सुशासन, विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। सरदार पटेल के विचार आज भी इस दिशा में प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का दिन भी है। भारत की विविध भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। इन सभी को एकता के सूत्र में बांधकर आगे बढ़ना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता एवं समृद्धि में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य में प्रदेश भी अग्रणी भूमिका निभा सके।