न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया, चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स पर दर्ज की 4-3 की जीत उप मुख्यमंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन पहुंचे मैच देखने, स्टार खिलाड़ियों को किया सम्मानित रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के पांचवें मैच में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से पराजित किया और टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। लगातार दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने मैच देखने पहुंचे। उन्होंने मुकाबलों के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

शुरुआती बढ़त के बावजूद हार गई संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबले की शुरुआत में स्ट्राइकर्स ने आक्रामक खेल दिखाया। टीम को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह उन्हें गोल में बदलने में सफल नहीं रही। इसके बाद ओम कुमार यादव ने जीतू हेमला के पास पर गेंद को डिफ्लेक्ट करते हुए गोल दागा और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 1-0 की बढ़त दिलाई। शुरुआती बढ़त के बावजूद टीम पेनाल्टी कॉर्नर के मौकों का फायदा नहीं उठा सकी, जिसका खामियाजा उसे आगे चलकर भुगतना पड़ा।

दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने पलटा मैच

दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबले में जोरदार वापसी की। सुखवेद निर्मलकर ने फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद शादाब अहमद खान ने एक और गोल करते हुए न्यायधानी नाइट्स को बढ़त दिलाई। कुछ ही देर बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की स्थिति और मजबूत कर दी। पहले हाफ में कई मौकों पर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का दबदबा दिखाई दिया, लेकिन गोल करने में मिली असफलता के कारण टीम 1-3 से पिछड़ गई। तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश की। आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अंतर कम किया। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग ने एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर टीम की बढ़त को दो गोल का कर दिया। अंतिम क्वार्टर में आशीष ने पेनाल्टी कॉर्नर से एक और गोल कर मुकाबले में रोमांच बढ़ाया, लेकिन सोनू के गोल ने न्यायधानी नाइट्स की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबला 5-3 से अपने नाम किया।

चिराग बने प्लेयर ऑफ द मैच

मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के लिए बेहतरीन खेल दिखाने वाले आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों सहित मैच के अन्य स्टार परफॉर्मर्स को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

चक्रधर चैंपियंस की सेमीफाइनल की राह मजबूत

दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। इस जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया है। चक्रधर चैंपियंस की ओर से परमप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल दागकर अहम भूमिका निभाई। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने गोल किया। लगातार दूसरी हार के बाद राजधानी रॉयल्स के लिए सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण हो गई है। अब टीम को अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी होगी।

रविवार को होंगे दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे। दोनों मुकाबले सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *