रायपुर में हॉकी का रोमांच, ओलंपियन खिलाड़ियों के बीच दम दिखा रहीं टीमें पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह कर रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन रायपुर, छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने की दिशा में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 प्रदेश के खेल जगत के लिए खास बनती जा रही है। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के मुकाबले अब केवल मैदान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण के जरिए देश-दुनिया के दर्शक भी इनका रोमांच देख रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल से प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को व्यापक मंच मिल रहा है। 21 अक्टूबर से शुरू हुई यह लीग 1 नवंबर तक चलेगी, जिसका फाइनल छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेला जाएगा। लीग में भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ियों और ओलंपियनों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को खास बना दिया है। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सिंह लीग के ब्रांड एंबेसडर हैं। उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रही है। प्रतियोगिता में अलग-अलग टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ की हॉकी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ 21 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से के मुख्य आतिथ्य और उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुआ। पहले ही दिन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ओलंपियन सुरेन्द्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। इस मुकाबले में केतन कुशवाहा को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। महिला हॉकी को भी मिला मंच लीग के शुरुआती दौर में महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित किया गया। 22 अक्टूबर को खेले गए मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। इस मुकाबले ने महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ प्रतियोगिता के आकर्षण को भी बढ़ाया। 29 अक्टूबर तक होंगे लीग मुकाबले छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 29 अक्टूबर तक प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। 23 अक्टूबर को मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच शाम 5:30 बजे तथा चक्रधर चैम्पियन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच शाम 7:30 बजे मैच होगा। 24 अक्टूबर को राजधानी रॉयल्स का सामना चक्रधर चैम्पियन्स से और न्यायधानी नाइट्स का मुकाबला संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा। 25 अक्टूबर को न्यायधानी नाइट्स और बैलाडीला बुल्स तथा राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे। 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच पहला मुकाबला, जबकि चक्रधर चैम्पियन्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच दूसरा मैच खेला जाएगा। 27 अक्टूबर को न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैम्पियन्स के बीच मुकाबला होगा। इसी दिन राजधानी रॉयल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें भी भिड़ेंगी। 28 अक्टूबर को न्यायधानी नाइट्स का सामना मैनपाट टाइटन्स से और राजधानी रॉयल्स का मुकाबला बैलाडीला बुल्स से होगा। लीग चरण के अंतिम दिन 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स तथा चक्रधर चैम्पियन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मैच खेले जाएंगे। 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 1 नवंबर को खिताबी भिड़ंत लीग चरण के बाद 30 अक्टूबर को टीमों को विश्राम दिया जाएगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। पहला सेमीफाइनल शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इन मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस यानी 1 नवंबर को शाम 5:30 बजे टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी, प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों और जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण से इस प्रतियोगिता को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर मिला है। अब खेलप्रेमियों की नजरें लीग के आगामी मुकाबलों और 1 नवंबर को होने वाले खिताबी संघर्ष पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *