नवा रायपुर में जुटेंगे नीति-निर्माता और विशेषज्ञ, शहरों में निवेश और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर होगी चर्चा रायपुर, छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को नई गति देने और शहरों में निवेश की संभावनाएं बढ़ाने के लिए 21 अक्टूबर को अर्बन चैलेंज फंड (UCF) पर क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और हुडको के संयुक्त आयोजन में नवा रायपुर के एक निजी होटल में होने वाली इस कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यशाला में अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो के जरिए शहरों के विकास के लिए नए वित्तीय विकल्पों और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसमें नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी नगरीय निकायों में सड़क, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन और नवाचार आधारित विकास मॉडल पर विचार साझा करेंगे। शहरी परियोजनाओं के लिए निवेश आकर्षित करना और शहरों का सुनियोजित विस्तार कार्यशाला के प्रमुख विषय होंगे। इसके जरिए प्रदेश के नगरीय निकायों को विकास के लिए बेहतर वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने, निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने और शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की रणनीतियों पर मंथन किया जाएगा। हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ कार्यशाला में उद्घाटन संबोधन देंगे। वहीं, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों की भागीदारी से शहरी विकास की चुनौतियों, उपलब्ध अवसरों और संभावित समाधानों पर चर्चा होगी। इस क्षेत्रीय कार्यशाला को छत्तीसगढ़ के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यशाला में होने वाला विमर्श नगरीय अधोसंरचना को मजबूत करने, निवेश आधारित विकास को बढ़ावा देने और समावेशी एवं सतत शहरी विकास की भावी रणनीति तैयार करने में उपयोगी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *