रायपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में होगा।
रोजगार मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल और गजेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
रोजगार मेले में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की भी उपस्थिति रहेगी।
राज्य स्तरीय रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों और प्रतिष्ठानों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी के साथ युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
रोजगार विभाग ने प्रदेश के युवाओं से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। विभाग के अनुसार, यह मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के साथ उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप नियोजन में मददगार साबित होगा।