प मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। इस दौरान दोनों के बीच गीता की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर चर्चा हुई।
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
टूर्नामेंट में मिडफील्डर के तौर पर खेलते हुए गीता यादव ने अपने प्रदर्शन से खास पहचान बनाई। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल दागे, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
विजय शर्मा ने गीता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गीता की सफलता कवर्धा के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।
मुलाकात के दौरान कवर्धा में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्र में खेल की संभावनाओं को बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। गीता ने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों की जरूरतों और प्रशिक्षण से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। विजय शर्मा ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को उचित अवसर और सुविधाएं मिलें, इसके लिए प्रयास किए जाने की जरूरत है।
बोड़ला से भारतीय टीम तक का सफर
गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने गीता को आगे भी इसी समर्पण के साथ खेलते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।