गांधी-शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया नमन
कोरबा में गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर जिला उद्योग संघ ने औद्योगिक क्षेत्र में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र में करीब 100 पौधे लगाए गए।
मंत्री देवांगन ने लोगों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है, तभी पौधरोपण का उद्देश्य पूरा होगा।
इससे पहले मंत्री देवांगन ने गांधी और शास्त्री जयंती के अवसर पर कोरबा में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने बुधवारी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और कोसाबाड़ी चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मंत्री ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों को याद किया। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश का स्मरण करते हुए उनके योगदान को नमन किया।