बलौदाबाजार में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बांटी सामग्री और प्रमाण पत्र, मेगा हेल्थ कैंप में 400 से अधिक लोगों की जांच
रायपुर, राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर बलौदाबाजार में ब्लॉक स्तरीय ‘सेवा सेतु शिविर’ लगाया गया। शिविर में अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत 3,888 हितग्राहियों को सामग्री, चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, लोगों की समस्याओं और मांगों से जुड़े 736 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 614 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
शिविर में लगाए गए मेगा हेल्थ कैंप में 400 से ज्यादा लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ लिया। विभिन्न विभागों के स्टॉल के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
एक जगह मिलीं कई सरकारी सुविधाएं
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविर में अलग-अलग विभागों के अधिकारी और स्टॉल एक ही जगह उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘मोदी की गारंटी’ को लागू करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना और दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना समेत विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता मिल रही है।
दान उत्सव रथ गांव-गांव पहुंचेगा
कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री ने ‘दान उत्सव रथ’ के लिए सामग्री दान की और जनप्रतिनिधियों के साथ इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ अलग-अलग गांवों में पहुंचेगा, जहां लोग दैनिक उपयोग की वस्तुएं दान कर सकेंगे। एकत्रित सामग्री जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
बुजुर्गों को मिले चश्मे, स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी
मंत्री ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल और मेगा हेल्थ कैंप का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने बुजुर्ग हितग्राहियों को नजर के चश्मे पहनाए और सामग्री वितरित की। चश्मा मिलने के बाद बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
जिला प्रशासन के मुताबिक जिले के प्रत्येक ब्लॉक में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, एसपी, डीएफओ, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।