रायपुर, छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार की ओर से 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी मिली है। अन्य कंपनियों के जुड़ने से पदों की संख्या बढ़ सकती है।
रोजगार मेले में 10वीं-12वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले युवा आवेदन कर सकेंगे। मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर, सेल्स, बैंकिंग, एचआर, नर्सिंग, सुरक्षा, ड्राइवर, डिलीवरी और पिकर-पैकर सहित कई क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध हैं।
रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट सहित कई कंपनियां और संस्थाएं शामिल होंगी। चयनित युवाओं को 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ऑफर लेटर वितरित करेंगे।
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से नियोजकों को अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देखने की सुविधा भी मिलेगी, जिससे प्रारंभिक चयन प्रक्रिया आसान होगी।
रोजगार विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में आयोजित रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। वहीं 2026 में सितंबर तक 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों के जरिए 8,878 अभ्यर्थी चयनित किए जा चुके हैं।