रायपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर वनमंडल में युवाओं और स्थानीय समुदायों को जैव विविधता संरक्षण से जोड़ने के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को ‘नागरिक विज्ञान’ के जरिए स्थानीय जैव विविधता के वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और संरक्षण का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में वन मुख्यालय रायपुर के विषय विशेषज्ञ डॉ. अनिल श्रीवास्तव और कृषि महाविद्यालय, अंबिकापुर के रिसर्च एसोसिएट यमलेश निषाद ने जलवायु परिवर्तन के कारणों और इसके पर्यावरण एवं जैव विविधता पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को बदलती जलवायु परिस्थितियों में वन पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण और प्रबंधन के बारे में भी बताया गया।
फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी, रायपुर की ‘युवान’ पहल के माध्यम से युवाओं को स्थानीय जैव विविधता के अवलोकन और दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया समझाई गई। ‘मेरा युवा भारत’, जशपुर के स्वयंसेवकों ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया। पक्षियों, तितलियों और सरीसृपों के पारिस्थितिक महत्व और संरक्षण के तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रकृति भ्रमण और बर्ड वाचिंग के दौरान प्रतिभागियों ने स्थानीय वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की पहचान, क्षेत्रीय अवलोकन और उनके अभिलेखीकरण का व्यावहारिक अनुभव लिया। कार्यक्रम में जशपुर वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विषय विशेषज्ञ और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।