रायपुर, एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और आगे बढ़ने के लिए जरूरी अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
एशियन गेम्स के अनुभव साझा किए
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता सिर्फ उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि इससे दूसरे युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का हौसला मिलता है।
फाइनल में ईरान को हराकर जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस विजेता टीम का हिस्सा छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी रहीं। टीम की इस उपलब्धि में उनके प्रदर्शन को महत्वपूर्ण माना गया।
दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने पर लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि गांवों और दूरस्थ इलाकों से सामने आने वाली प्रतिभाओं को भी प्रशिक्षण और संसाधनों के साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले।
संजू देवी ने मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।