नारायणपुर में लगातार बारिश से नदियां उफान पर, पेड़ पर चढ़कर बचाई जान नारायणपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। ग्राम तारागांव में माड़ीन नदी का पानी अचानक बढ़ने से नदी के बीच फंसे 55 वर्षीय ग्रामीण को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, खतरे की आशंका को देखते हुए नदी किनारे बसे 9 परिवारों को भी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया है। जानकारी के मुताबिक तारागांव निवासी गोपी राम पटेल नदी किनारे अपने खेत में बंधे बैल को खोलने गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और वे पानी से घिर गए। स्थिति को देखते हुए गोपी राम ने पास के आम के पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई और मदद का इंतजार करते रहे। सूचना मिलते ही एसडीओपी छोटेडोंगर, जिला सेनानी नगर सेना और थाना प्रभारी धौड़ाई के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने सावधानी से अभियान चलाकर गोपी राम को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उन्हें धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य की जांच की और भोजन उपलब्ध कराया।

खतरे के करीब पहुंचा नदी का जलस्तर, 9 परिवार शिफ्ट

ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रह रहे 9 परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के यहां पहुंचाया। प्रशासन की टीमें इन परिवारों की सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं पर लगातार नजर रख रही हैं।

कंट्रोल रूम नंबर जारी

भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों, निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना के लिए जिला कंट्रोल रूम के नंबर 07781-252214 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *