रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील क्षेत्र के पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई शाखा शुरू हो गई है। शाखा खुलने से पंडरीपानी सहित आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे बैंकिंग कार्यों के लिए दूर जाने की परेशानी कम होने के साथ ही लोगों के समय और यात्रा खर्च की बचत होगी।
करीब 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था
पंडरीपानी और आसपास के ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए अब तक करीब 5 किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता था। नई शाखा शुरू होने के बाद खाताधारकों को जमा-निकासी, लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए अपने क्षेत्र में ही सुविधा उपलब्ध होगी।
नई शाखा से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच आसान होने के साथ स्थानीय स्तर पर वित्तीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
किसानों, महिलाओं और पेंशनधारियों को लाभ
एसबीआई की नई शाखा से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, महिलाओं, कर्मचारियों और पेंशनधारियों सहित विभिन्न वर्गों को लाभ मिलेगा। किसानों को कृषि ऋण सहित अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए वित्तीय लेन-देन तथा बैंक से जुड़े अन्य काम भी सुविधाजनक होंगे।
होम, कार और शिक्षा ऋण की सुविधा
नई शाखा के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न ऋण सुविधाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इनमें होम लोन, कार लोन और शिक्षा ऋण सहित अन्य बैंकिंग सेवाएं शामिल हैं।
पंडरीपानी में बैंक शाखा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के नजदीक बैंकिंग सुविधा मिलने से सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार जाने की जरूरत कम होगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।