कवर्धा के दर्रीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में शुक्रवार को माहौल कुछ अलग नजर आया। हाथों में फूल और अपनी बनाई चित्रकारी लेकर नन्हे बच्चे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्वागत के लिए पहुंचे। बच्चों ने फूल भेंट किए तो उप मुख्यमंत्री भी उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों को गोद में उठाया, उनसे बातचीत की, तस्वीरें खिंचवाईं और खिलौने व चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ने किया। बच्चों और महिलाओं के बीच पहुंचे विजय शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में आकर उन्हें घर जैसा माहौल महसूस हुआ। बच्चों का उत्साह और उनकी मासूमियत देखकर वे भी उनके साथ सहज होकर बातचीत करते नजर आए।

नन्हे हाथों की चित्रकारी ने खींचा ध्यान

कार्यक्रम में बच्चों की बनाई चित्रकारी भी आकर्षण का केंद्र रही। उप मुख्यमंत्री ने बच्चों के चित्र देखे और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। एक बच्चे की सैनिक, भगवान शंकर और तिरंगे से जुड़ी चित्रकारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में बच्चे जिस तरह अपनी सोच को चित्रों के जरिए सामने रख रहे हैं, वह खास है। चित्रों को देखकर उन्होंने अपने बचपन की यादें भी साझा कीं।

महतारी वंदन की राशि से बेटियों के भविष्य की तैयारी

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की राशि के उपयोग के बारे में भी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे इस राशि का इस्तेमाल बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना और परिवार की अन्य जरूरतों में कर रही हैं। महिलाओं ने योजना से मिले आर्थिक सहयोग के अपने अनुभव भी साझा किए।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए चित्रकला और महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी व पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं की बनाई रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी देखी और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग उपयोगी कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं में करने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। लाभार्थी लक्ष्मी साहू और नंद रानी साहू ने भी योजना से मिले सहयोग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *