रायपुर, छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर सम्मानित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2026-27 के महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान और गुण्डाधूर सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन ही करना होगा आवेदन
सम्मान के लिए आवेदन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in के जरिए ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे। आवेदन का निर्धारित प्रारूप और पात्रता संबंधी जानकारी जिला स्तरीय खेल कार्यालयों से भी ली जा सकती है।
तीरंदाजी के खिलाड़ियों के लिए भंजदेव सम्मान
महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान खास तौर पर तीरंदाजी के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को दिया जाएगा। वर्ष 2025-26 में सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी इसके लिए पात्र होंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी आवेदन कर सकते हैं। पुरुष और महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर संयुक्त रूप से विचार किया जाएगा।
गुण्डाधूर सम्मान के लिए खिलाड़ी या दल पात्र
गुण्डाधूर सम्मान राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी या किसी एक दल को दिया जाएगा। इसके लिए वर्ष 2025-26 में भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के राष्ट्रीय खेल अलंकरण के दायरे में आने वाले खेलों की सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
दोनों सम्मान में मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार
दोनों सम्मानों के तहत चयनित खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये की नगद राशि, अलंकरण फलक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित पात्रता पूरी करने के बाद तय समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।