कांकेर जिले में कोदाभाठ-माटवाड़ा मोदी मार्ग पर दूध नदी के ऊपर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन ने 16 करोड़ 14 लाख 71 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद निर्माण के लिए राशि स्वीकृति का पत्र जारी कर दिया गया है।

पुल बनने से इस मार्ग पर आवागमन आसान होने की उम्मीद है। खासकर बारिश के दौरान नदी के कारण आवाजाही में आने वाली दिक्कतों को दूर करने में यह निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुल के साथ पहुंच मार्ग भी तैयार किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग ने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना ठोस कारण के निर्माण की समय-सीमा बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की मंजूरी से समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।

निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पूरे काम की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के मुताबिक, काम में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने के साथ ही प्राक्कलन और निर्माण के दौरान मितव्ययिता बरतने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *