रायपुर, रायपुर जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा सुधारने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। टाटीबंध, भाठागांव, बेमता-भुइंया, सिलतरा ओवरब्रिज-निको गेट और पारागांव-निसदा मोड़ समेत अन्य ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा मंत्रालय महानदी भवन में हुई बैठक में की गई। बैठक परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश की अध्यक्षता में हुई।

उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में चल रहे सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने कहा गया। अधिकारियों को मौके की मौजूदा स्थिति का परीक्षण कर जहां जरूरत हो, वहां सड़क, यातायात और सुरक्षा से जुड़े जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए गए।

ब्लैक स्पॉट के आसपास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और अवैध ढाबों को हटाने पर भी जोर दिया गया। शराब दुकानों के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने, जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट और संकेतक बोर्ड लगाने तथा डिवाइडर की अनधिकृत कटिंग रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में ओवर-स्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के साथ अवैध पार्किंग पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। जहां जरूरी हो, वहां वाहनों की गति नियंत्रित करने के उपाय लागू करने और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई। आवश्यकता के अनुसार सड़क चौड़ीकरण समेत अन्य सुधार कार्य भी पूरे करने कहा गया।

परिवहन सचिव ने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों से किए गए कार्यों की पूर्व और वर्तमान स्थिति का अनुपालन प्रतिवेदन मांगा है। इसमें आवश्यक फोटोग्राफ भी शामिल करने और निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) वाई. अक्षय कुमार, उप परिवहन आयुक्त मनोज कुमार ध्रुव समेत लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, आबकारी, परिवहन और यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *