कोरबा, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के आगामी कार्यक्रमों को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अभियान की गतिविधियों की तिथियां, आयोजन स्थल और तैयारियों को समय पर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साव ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़कर ज्यादा प्रभावी बनाया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को हुए ‘आशीर्वाद के दीया’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने घर-घर दीप प्रज्ज्वलन में लोगों की भागीदारी और ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगे होने वाले कार्यक्रमों में भी इसी तरह लोगों को जोड़ते हुए गतिविधियों को उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए। बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल भी मौजूद रहे।

अभियान के अगले चरण में गांवों और शहरों में स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और अंगदान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अरुण साव ने नदी-घाटों की सफाई सहित इन कार्यक्रमों को जनआंदोलन से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान के शेष कार्यक्रमों की तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और आयोजन स्थलों की जानकारी समय पर जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश दिए। साथ ही मुनादी, बैनर, पोस्टर और अन्य माध्यमों से गांवों और शहरों में अभियान के कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

बैठक में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को सामने लाने पर भी जोर दिया गया। अरुण साव ने कहा कि ‘सेवा की कहानी’ के रूप में ऐसे वास्तविक बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि योजनाओं से मिले लाभ और उनके असर की जानकारी आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं के लाभ से जोड़ने का माध्यम है।

श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी अभियान के कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गतिविधियों को जिला मुख्यालय के साथ नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी समेत जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *