मार्च 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों-कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका और पासबुक पहले से पूर्ण करने के निर्देश

रायपुर,  स्कूल शिक्षा विभाग ने लंबित पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को 30 सितंबर 2026 तक लंबित पेंशन प्रकरणों की व्यक्तिगत समीक्षा कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने कहा है।

विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अलग-अलग स्तरों पर पेंशन प्रकरण लंबित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए सभी प्रकरणों की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

सेवानिवृत्ति से पहले पूरी होगी सेवा पुस्तिका
मार्च 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका एवं पासबुक पहले से पूर्ण करने को कहा गया है। सेवा पुस्तिका में वेतन निर्धारण की जांच और सत्यापन कोष एवं लेखा से कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सेवानिवृत्ति के समय पेंशन और अन्य देयकों के भुगतान में देरी न हो।

विभाग ने प्रत्येक सत्र में 1 से 30 अप्रैल तक विकासखंड स्तर पर विशेष कैम्प आयोजित कर सेवा पुस्तिका और पासबुक पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं न्यायालयीन मामलों के कारण लंबे समय से लंबित पेंशन प्रकरणों में कोर्ट सेल बिलासपुर की सहायता लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

सेवानिवृत्ति वाले महीने में जारी होगा PPO
अक्टूबर 2026 से सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों के PPO उसी महीने जारी कराने के साथ अन्य देय स्वत्वों का भुगतान भी सेवानिवृत्ति वाले माह में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य भुगतान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और प्रकरणों का समय पर निराकरण करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *