रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग ने कला, साहित्य, संगीत, नृत्य, सिनेमा और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं के लिए ‘राज्य सम्मान 2026’ की घोषणा कर दी है। विभाग द्वारा स्थापित 12 राज्य स्तरीय और 1 राष्ट्रीय सम्मान के लिए पात्र कलाकारों व साहित्यकारों से 5 अक्टूबर 2026 तक पंजीकृत डाक के जरिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित हस्तियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित ‘राज्योत्सव 2026’ के भव्य मंच से अलंकृत किया जाएगा।

13 प्रमुख विधाओं में दिए जाएंगे सम्मान:

  1. पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान: हिन्दी साहित्य

  2. दाऊ मंदराजी सम्मान: लोक नाट्य एवं लोक शिल्प

  3. चक्रधर सम्मान: शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य

  4. देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार: लोक नृत्य

  5. लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार: आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता

  6. हबीब तनवीर सम्मान: समकालीन रंगकर्म (छत्तीसगढ़ी, हिन्दी व अन्य भाषाएं)

  7. देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार: पंथी नृत्य

  8. लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान: छत्तीसगढ़ी लोकगीत

  9. खुमान साव सम्मान: छत्तीसगढ़ी लोक संगीत

  10. किशोर साहू सम्मान: हिन्दी व छत्तीसगढ़ी सिनेमा (लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा)

  11. किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण: सिनेमा निर्देशन (राष्ट्रीय स्तर)

  12. छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान: विदेश में सामाजिक कल्याण, कला व साहित्य में योगदान

  13. डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान: पंडवानी गायन व कला

आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देश: इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रारूप में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, प्रस्तावक का विवरण और उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा संलग्न कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदक को पूर्व में प्राप्त जिला, राज्य, राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों की जानकारी भी देनी होगी।

शासकीय सेवा में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) से अनुमति पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।

आवेदन भेजने का पता: आवेदकों को अपनी प्रविष्टियां 5 अक्टूबर 2026 से पहले केवल पंजीकृत डाक से इस पते पर भेजनी होगी: संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा, द्वितीय तल, व्यावसायिक परिसर, सेक्टर-27, नवा रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *