रायपुर, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रायपुर में आयोजित 20वां राष्ट्रीय रोजगार मेला अहम रहा। यहां 216 चयनित अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में 133 युवाओं को नियुक्ति पत्र सीधे दिए गए, जबकि 83 अभ्यर्थियों की नियुक्ति वर्चुअल माध्यम से की गई।
देशभर में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति
राष्ट्रीय रोजगार मेले के तहत देश के 45 केंद्रों पर 51 हजार से अधिक नव-नियुक्त कर्मियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। उन्होंने सरकारी सेवा में चयन को युवाओं के लिए राष्ट्र सेवा का अवसर बताते हुए अपनी जिम्मेदारियां निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाने की बात कही।
रायपुर में कार्यक्रम का आयोजन आयकर विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया।
रोजगार के साथ उद्यमिता पर भी फोकस
तोखन साहू ने कहा कि अक्टूबर 2022 में शुरू हुए रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक करीब 12.75 लाख युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों में नियुक्ति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ युवाओं को अपना काम शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस दौरान मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, पीएम विश्वकर्मा और पीएम स्वनिधि जैसी पहलों का उल्लेख किया गया।
किस विभाग में कितनी नियुक्तियां?
रायपुर में प्रत्यक्ष रूप से नियुक्त किए गए 133 युवाओं में आयकर विभाग से 74, डाक विभाग से 22, रेलवे से 14, वित्तीय सेवा विभाग से 12, गृह मंत्रालय से 7, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण से 3 और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय से 1 अभ्यर्थी शामिल है।
वर्चुअल नियुक्तियों में आयकर विभाग के 82 और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के 1 अभ्यर्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चयनित अभ्यर्थी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।