रायपुर,  बारिश के बाद प्रदेश में खराब हुई सड़कों और पुलों को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा है। साथ ही जिन नए निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें भी 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू करने के निर्देश दिए।

नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में हुई बैठक में अरुण साव ने प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंताओं से उनके क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली गई। सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े।

दो-तीन दिन में फील्ड में जाकर स्थिति देखने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति देखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पहले से ठोस कार्ययोजना तैयार रहे।

मरम्मत और संधारण के लिए जरूरत के मुताबिक राशि उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। इसके लिए तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए गए। सड़कों और पुलों के साथ डिवाइडरों की मरम्मत, सफाई और रंगाई-पुताई पर भी ध्यान देने को कहा गया।

अरुण साव ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण और मरम्मत कार्यों की मौके पर निगरानी हो सके।

15 अक्टूबर से नए कामों में आएगी तेजी

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका भी ध्यान रखने को कहा गया।

उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन, जरूरत के अनुसार डायवर्टेड रूट और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए। परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण संबंधित ठेकेदारों से समय पर कराने को भी कहा गया।

गुणवत्ता पर भी रहेगी नजर

अरुण साव ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि बेहतर और समय पर पूरे होने वाले कामों से विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को लेकर भी निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों को साफ-सुथरा रखने, कबाड़ और कचरा हटाने तथा कार्यालयीन भवनों के बेहतर रखरखाव पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *