रायपुर : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के लोगों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर एम्स में मुलाकात की। मंगलवार देर शाम एम्स पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
उपमुख्यमंत्री ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार को लेकर चर्चा की। उन्होंने मरीजों की वर्तमान स्थिति, चल रहे इलाज और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मासूम बच्चों समेत घायलों का जाना हाल
विजय शर्मा ने ग्राम बांधाटोला निवासी 5 वर्षीय लुकेश पटेल, 2 वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में सरकार और प्रशासन उनके साथ है।
हादसे के बाद से उपमुख्यमंत्री लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर उनके इलाज तक की स्थिति की जानकारी वे लेते रहे हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों से भी मिले थे
इससे पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम जिले में हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के साथ शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। इस दौरान उन्होंने घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके इलाज और स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।