रायपुर,  अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क को लेकर वायरल हुए वीडियो पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तुरंत संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर सड़क की वास्तविक स्थिति जानी और मौके का निरीक्षण कर तत्काल सुधार कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

खरसिया चौक की सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढों और बारिश के कारण लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने गड्ढे भरने, सड़क को समतल करने और पानी निकासी की व्यवस्था ठीक करने पर जोर दिया। साथ ही, ज्यादा ट्रैफिक वाले स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग के सहयोग से सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने को कहा।

मुख्यमंत्री साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों को भी अलर्ट किया है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान निर्माणाधीन या क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। जहां सड़क पर जलभराव, कटाव या दुर्घटना की आशंका हो, वहां तुरंत बैरिकेडिंग, संकेतक और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने साफ कहा कि सड़क निर्माण का काम चल रहा हो, तब भी लोगों का आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। बारिश के कारण स्थायी निर्माण में देरी हो सकती है, लेकिन अस्थायी तौर पर सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य बनाए रखने के इंतजाम किए जाएं।

CM ने यह भी निर्देश दिया कि बारिश खत्म होने के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत के कामों में तेजी लाई जाए। संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें और परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *